*सुलतानपुर चांदा अपहरण हत्याकांड में एक आरोपी का हुआ एनकाउंटर पैर में गोली लगी*
*पुलिस अधीक्षक द्वारा लापरवाही पर चांदा एसओ समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित*
अनिल मिश्र
सुल्तानपुर में बीएससी छात्र अमन यादव हत्याकांड में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने फरार बदमाश दीपक यादव उर्फ राका को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। इसी मामले में कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में चांदा थाने के एसओ सहित पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
रविवार रात चांदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अमन यादव हत्याकांड के फरार अपराधियों की घेराबंदी की। अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस मुठभेड़ में बदमाश दीपक यादव उर्फ राका के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हत्याकांड में अब तक कुल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। यह घटना बीते 6 दिसंबर को चांदा थाना क्षेत्र में हुई थी। अमन यादव का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर ने इस मामले में पुलिसकर्मियों द्वारा कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अकर्मण्यता और स्वेच्छाचारिता बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में चांदा थाना के प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक चुन्नू लाल, मुख्य आरक्षी शंहशाह, आरक्षी अनुराग और आरक्षी दिनेश रावत शामिल हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
*जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग पर अड़े परिजन*
24 घंटे बाद भी नहीं हुआ अमन का अंतिम संस्कार। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के मौके पर आने को लेकर अड़े परिजन। तनाव देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात। ट्रेनी आईएसएस डॉ रिदम आनंद, प्रभारी तहसीलदार लम्भुआ प्रांजल तिवारी, सीओ लम्भुआ ऋतिक कपूर के साथ सीओ जयसिंहपुर मौके पर मौजूद।
