बारातियों से भरी सफारी खाई में गिरने से तीन की मौत, दो गंभीर घायल

*बारातियों से भरी सफारी खाई में गिरने से तीन की मौत, दो गंभीर घायल*

 

*पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉक्टर कौस्तुभ ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। वाराणसी से जौनपुर आ रही बारात बुधवार देर रात भीषण हादसे का शिकार हो गई। मुफ्तीगंज के पास सफारी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसा इतना तेज था कि वाहन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

मृतकों की पहचान बबलू सोनकर (45) पुत्र शंकर सोनकर, श्यामलाल सोनकर (35) पुत्र मुरली सोनकर और राजू सोनकर (45) पुत्र विजय सोनकर के रूप में हुई है। तीनों वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

 

घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. कौस्तुभ सहित पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया।

 

हादसे के बाद बारात में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। मृतकों तथा घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है और दो गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *