जौनपुर में बड़ा हादसा टला, सूझबूझ से बचीं दर्जनों जानें

*जौनपुर में बड़ा हादसा टला, सूझबूझ से बचीं दर्जनों जानें*

 

*रेलवे फाटक पर फंसी यात्रियों से भरी रोडवेज बस, मालगाड़ी समय रहते रुकी*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

 

जौनपुर। जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मिली जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी एक रोडवेज बस रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही थी, तभी फाटक बंद होने लगा। जल्दबाजी में बस चालक ने क्रॉसिंग पार करने की कोशिश की, लेकिन बस बीच में ही फंस गई। बस पटरियों के ऊपर खड़ी रह गई और ना आगे बढ़ सकी, ना पीछे जा सकी।

 

घटना के दौरान बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अनहोनी की आशंका में घबराए यात्रियों ने तुरंत बस से कूदकर बाहर निकलना शुरू किया। बताया जा रहा है कि सभी यात्रियों ने समय रहते खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

 

उसी वक्त सामने से एक मालगाड़ी आ रही थी, लेकिन ड्राइवर ने अद्भुत सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रेन को रोक दिया। उसकी तत्परता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। यदि ट्रेन कुछ ही सेकंड देरी से रुकती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

 

इस घटना के चलते करीब 10 मिनट तक लखनऊ–वाराणसी रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। पटरियों से बस हटाए जाने के बाद ही रेल यातायात दोबारा बहाल हो सका।

 

प्राथमिक जांच में बस चालक की लापरवाही सामने आई है। उसकी जल्दबाजी और गलत निर्णय के कारण यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। फिलहाल रेलवे और पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *