*दोस्तों के साथ पार्टी करने गए युवक का, निर्माणाधीन मकान के पास मिला शव*

*दोस्तों के साथ पार्टी करने गए युवक का, निर्माणाधीन मकान के पास मिला शव*

प्रेम शर्मा

शाहगंज सरपतहां थाना क्षेत्र के सरायमोहिउद्दीनपुर गांव की अनुसूचित बस्ती में रविवार सुबह एक निर्माणाधीन मकान के नीचे उसी गांव के एक युवक का शव मिला। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।पुलिस 4 लोगों को हिरासत में लेकर घटना की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक 25 वर्षीय रणजीत पुत्र भारत का शव उसके घर से पचास मीटर दूर पन्नालाल के निर्माणाधीन मकान के नीचे मिला। सुबह शौच के लिए जाते समय कुछ युवतियों ने उसका शव देखा तो घर वालों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां सुमित्रा देवी रो-रोकर बेसुध हो गई। रणजीत बीते शुक्रवार को गुजरात से कमाकर घर लौटा था। शनिवार दोपहर वह घर पर ही सो रहा था। शाम चार बजे गांव के ही दो युवक आए और उसे साथ ले गए। इसके बाद रात में सभी ने निर्माणाधीन मकान के सामने बने हरीलाल के मड़हे में भोजन आदि की पार्टी की। इसके बाद रणजीत घर लौटकर परिजनों के साथ गेहूं की मड़ाई करवाई। इसके बाद पड़ोस में निर्माणाधीन मकान पर दोनों युवकों के पास चला गया। अब रात में कब और कैसे वो छत से नीचे गिरा यह रहस्य बना है। निर्माणाधीन मकान की छत पर भवन स्वामी के दोनों लड़के अखिलेश एवं श्यामू सोए थे। आशंका जताई जा रही है कि रणजीत भी उन्हीं के साथ सोया रहा हो और रात में किसी तरह छत से नीचे गिर पड़ा हो। थानाध्यक्ष सरपतहां अमित सिंह ने कहा कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा|

बेटे के शव को देखकर बिलखती मां सुमित्रा रो-रोकर बस यही कोस रही है कि काश रणजीत दोनों लोगों के साथ घर से न गया होता तो उसकी जान बच जाती। लेकिन होनी को कौन टाल सकता है। परिजनों के करुण क्रंदन से वहां मौजूद लोगों की आंखों से बरबस आंसू छलक पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *