*जौनपुर जीआरपी की बड़ी सफलता: सर्विलांस से 88 गुम मोबाइल बरामद, 55 मालिकों को लौटाए*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। ट्रेनों में यात्रा के दौरान गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में जौनपुर जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी पुलिस ने सर्विलांस की सहायता से कुल 88 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस संबंध में रेलवे वाराणसी के पुलिस उपाधीक्षक कुंवर प्रभात सिंह ने बुधवार दोपहर 2 बजे आयोजित प्रेस वार्ता में कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बरामद किए गए 88 मोबाइल फोन में से 55 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द कर दिए गए हैं, जबकि शेष मोबाइल फोन उनके मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस प्राप्त करने के लिए विभिन्न जनपदों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी लोग जौनपुर पहुंचे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जौनपुर जीआरपी की कार्यशैली की सराहना की और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि यह अभियान जीआरपी अधिकारियों के निर्देशन में चलाया गया। अभियान को सफल बनाने में थाना प्रभारी सुनील कुमार गौड़ के नेतृत्व में जीआरपी जौनपुर की टीम तथा सर्विलांस सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी यात्रियों की सुरक्षा एवं उनकी खोई हुई संपत्ति की बरामदगी के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
