प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों का हंगामा; अस्पताल संचालक फरार

*प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों का हंगामा; अस्पताल संचालक फरार*

********************

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

बदलापुर (जौनपुर), रविवार। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के पूरा मुकुंद गांव स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, बदलापुर क्षेत्र के खजुरन गांव निवासी किशन अपनी पत्नी शारदा देवी को प्रसव के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराए थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन और चिकित्सक की लापरवाही के चलते प्रसव के दौरान महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए तथा विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल संचालक अस्पताल बंद कर मौके से फरार हो गए। इससे नाराज लोगों ने अस्पताल में मौजूद एक कंपाउंडर को बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की।

 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंपाउंडर को परिजनों के कब्जे से छुड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और नोकझोंक होती रही। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।

 

मृतका के परिजन चिकित्सक और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फूलचंद पाण्डेय ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *