*परशुराम जयंती पर स्वयंभू महादेव मंदिर फिरोजपुर से भव्य शोभा यात्रा, जयघोष से गूंजा क्षेत्र*
*************************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ/फिरोजपुर/ (जौनपुर)। भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर स्वयंभू महादेव मंदिर, फिरोजपुर से रविवार को भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। युवा नेता अमन मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम की प्रतिमा के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात शोभा यात्रा फिरोजपुर से प्रारंभ होकर जामो पट्टी, रतासी चौराहा होते हुए बदलापुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से गुजरती हुई विद्यावती मैरिज हॉल में संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा “जय श्री परशुराम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शोभा यात्रा में वाहनों का लंबा काफिला आकर्षण का केंद्र रहा।

इस अवसर पर अमन मिश्रा एडवोकेट ने भगवान परशुराम के जीवन एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं, जिन्होंने त्रेतायुग में अन्याय और अधर्म के विनाश के लिए अवतार लिया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम को अष्ट चिरंजीवियों में स्थान प्राप्त है और वे आज भी महेंद्र पर्वत पर तपस्या कर रहे हैं।
उन्होंने आगे बताया कि भगवान परशुराम शस्त्र और शास्त्र दोनों के ज्ञाता थे। भृगुवंशी ब्राह्मण कुल में जन्म लेने के बावजूद उनमें अद्वितीय वीरता और पराक्रम था। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, उन्होंने अत्याचारी क्षत्रिय राजाओं का 21 बार संहार कर धर्म की स्थापना की। साथ ही, उन्हें महान गुरु के रूप में भी जाना जाता है, जिन्होंने महाभारत काल के भीष्म, द्रोणाचार्य और कर्ण जैसे योद्धाओं को शस्त्र विद्या का ज्ञान दिया।
परशुराम जयंती वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि, अर्थात अक्षय तृतीया के दिन मनाई जाती है, जिसे अत्यंत शुभ माना जाता है। इस दिन दान-पुण्य एवं नए कार्यों की शुरुआत विशेष फलदायी मानी जाती है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रशांत दुबे, प्रशांत उपाध्याय, प्रियांशु पाठक,शशांक शुक्ला नितिन दुबे, गोलू शुक्ला, मोहित शर्मा, अंबुज उपाध्याय, सत्यम तिवारी, आमोद तिवारी, अनीश दुबे, रमन मिश्रा, कोमल मिश्रा, ऋतिक उपाध्याय, दीपांकर शुक्ला, डॉ. प्रकाश शुक्ला, संतोष शुक्ला, काजू दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
