*एसएसपी जौनपुर का थाना मछलीशहर में औचक निरीक्षण*
*अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव व अपराध नियंत्रण के दिए निर्देश*
********************
*संवाद: माता चरण पांडे*
मछली शहर/जौनपुर। दिनांक 17 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर, कुँवर अनुपम सिंह ने थाना मछलीशहर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेख, शस्त्रागार, हवालात, मालखाना तथा पूरे थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और तत्परता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
इसके साथ ही एसएसपी ने आपराधिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि दुस्साहसी एवं सक्रिय अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली जाए। आवश्यकतानुसार गुंडा एक्ट व जिला बदर की कार्रवाई की जाए तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कुख्यात अपराधियों को चिन्हित कर उन्हें आपराधिक माफिया घोषित करने और उनके गैंग को डीसीआरबी में पंजीकृत करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने मौजूद पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आमजन के प्रति विनम्र एवं शिष्ट व्यवहार बनाए रखने, शिकायतों का त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ मौजूद रहा।
