जौनपुर दीवानी न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, कचहरी परिसर खाली कराया गया

*जौनपुर दीवानी न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, कचहरी परिसर खाली कराया गया*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। मंगलवार सुबह जौनपुर दीवानी न्यायालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही न्यायालय प्रशासन और पुलिस विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमकी भरा ईमेल जिला जज को भेजा गया था, जिसमें दीवानी न्यायालय परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस बल को सूचना दी गई। कुछ ही देर में भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए।

 

जौनपुर बार एसोसिएशन ने एक आधिकारिक सूचना जारी कर पुष्टि की कि जिला जज को ईमेल के माध्यम से धमकी मिली है। एसोसिएशन की ओर से सभी अधिवक्ताओं से अपील की गई कि वे तत्काल कचहरी परिसर खाली कर दें और जांच प्रक्रिया में प्रशासन का सहयोग करें।

 

पुलिस ने एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराना शुरू कर दिया तथा सघन तलाशी अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है।

 

फिलहाल पुलिस ईमेल की सत्यता और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *