*प्रतापगढ़: एफसीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर 4.90 लाख की ठगी, कूटरचित ज्वाइनिंग लेटर देने का आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार*
*थाना अध्यक्ष आसपुर देवसरा राकेश चौरसिया के नेतृत्व में अपराधियों पर हो रही ताबक तोड़ कार्यवाही*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। थाना आसपुर देवसरा पुलिस ने एफसीआई फतेहपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर 4.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने और कूटरचित ज्वाइनिंग लेटर उपलब्ध कराने के मामले में वांछित एक आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वादी राकेश कुमार पुत्र फूलचन्द्र की तहरीर पर थाना आसपुर देवसरा में मुकदमा अपराध संख्या 357/2025 के तहत धारा 419, 420, 467, 468, 406 एवं 506 भादंसं में जितेन्द्र प्रताप सिंह, रणविजय सिंह और मंजेश कुमार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्तों ने एफसीआई फतेहपुर में नौकरी लगवाने के नाम पर वादी से 4 लाख 90 हजार रुपये लिए और बाद में कूटरचित ज्वाइनिंग लेटर उपलब्ध कराया। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम को मुखबिर खास की सूचना और सर्विलांस सेल के सहयोग से पता चला कि मुकदमे में वांछित मंजेश कुमार पुत्र रामबली, उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी ग्राम बनहरा, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर लखनऊ के सरस्वतीपुरम में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने द रिलैक्स इन होटल/लॉज, सरस्वतीपुरम पहुंचकर रिसेप्शन के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक काले रंग का HMD की-पैड मोबाइल फोन और एक स्लेटी रंग का POCO स्मार्टफोन बरामद किया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरीन्दनारायण राय, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, कांस्टेबल शिवम सिंह, कांस्टेबल आशीष मौर्या एवं महिला कांस्टेबल दिव्या उपाध्याय शामिल रहे। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में की गई।
