*अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया*
*******************
*संवाद :माता चरण पाण्डेय*
मछलीशहर। मछलीशहर-सुजानगंज मार्ग पर नंदापुर गांव के समीप सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय युवक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुजानगंज थाना क्षेत्र के बीकेपुर सोनहिता गांव निवासी संतोष कुमार पाल शनिवार को मोबाइल ठीक कराने के लिए मुस्तफाबाद बाजार गए थे। वहां मोबाइल ठीक न होने पर वह शाम के समय उसे लेकर मछलीशहर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान नंदापुर गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
दुर्घटना में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल 112 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान रविवार सुबह उनकी मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक विनीत रॉय के अनुसार, मृतक के चचेरे भाई राहुल पाल की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है।
बताया गया कि संतोष की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं। हादसे में परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल है।
