*रूस में पति की गिरफ्तारी का दावा, मछलीशहर की स्नेहा ने सीएम योगी से लगाई मदद की गुहार*
*******************
*संवाद :माता चरण पांडे*
मछलीशहर (जौनपुर)। रूस में अपने पति की गिरफ्तारी का दावा करते हुए मछलीशहर क्षेत्र की रहने वाली स्नेहा गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है। स्नेहा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपने पति चंदन गुप्ता की सकुशल रिहाई और परिवार की सुरक्षा के लिए तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
स्नेहा के मुताबिक, उनके पति चंदन गुप्ता पिछले करीब तीन वर्षों से रूस में रहकर एक भारतीय कंपनी में काम कर रहे हैं और उनके पास वैध वर्क वीजा है। उनका आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने उन्हें बिना स्पष्ट कारण बताए हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। पति की गिरफ्तारी के कारण और उनकी मौजूदा स्थिति की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाने से परिवार में चिंता का माहौल है।
वीडियो में स्नेहा ने आशंका जताई है कि उनके पति को जबरन रूसी सेना में भेजा जा सकता है। हालांकि, इस आशंका की फिलहाल किसी आधिकारिक भारतीय या रूसी एजेंसी की ओर से पुष्टि नहीं हुई है।
स्नेहा अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ रूस में ही रह रही हैं। पति के हिरासत में लिए जाने के बाद उन्होंने अपनी और बेटे की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने, चंदन गुप्ता की स्थिति स्पष्ट कराने तथा परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
स्नेहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मामले का संज्ञान लेने की अपील की है। परिवार की मांग है कि चंदन गुप्ता को हिरासत में लिए जाने के कारणों की जानकारी कराई जाए और यदि उन्हें कानूनी सहायता की आवश्यकता है तो भारतीय दूतावास के माध्यम से आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जाए।
फिलहाल मामले में संबंधित भारतीय या रूसी अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने का इंतजार है।
