जौनपुर: नदी में मछली पकड़ने गया युवक गहरे पानी में डूबा, तलाश जारी
प्रेम शर्मा
बदलापुर। बक्शा ब्लॉक क्षेत्र के लेदुका गांव निवासी रेहान पुत्र लाडले मंगलवार को अपने दोस्तों के साथ पड़ोसी गांव देवरिया स्थित पीली नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह नदी में उतरकर नहाने लगा और अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूब गया।
रेहान के साथ गए दो अन्य युवकों ने घटना के बाद शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बदलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर लापता युवक की तलाश शुरू कराई। पुलिस और गोताखोरों द्वारा नदी में लगातार खोजबीन की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से भी तलाश अभियान चला रही है।
