*प्रतापगढ़ : ढकवा नगर पंचायत कार्यालय में हुआ अजगरा महान संवाद का भव्य आयोजन*
*संजय निषाद बने विजेता, अध्यक्ष अशोक त्यागी ने माला पहनाकर किया सम्मानित*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। अजगरा महान संवाद-2026 को लेकर जिले में चल रही चरणबद्ध प्रतियोगिता के तहत रविवार को नगर पंचायत ढकवा कार्यालय परिसर में अजगरा महान संवाद का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक त्यागी सहित क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।नगर पंचायत
ढकवा के 14 वार्डों में 25 एवं 26 अगस्त को आयोजित संवाद कार्यक्रम के बाद चयनित 14 प्रतिभागियों में से 11 प्रतिभागियों ने रविवार को आयोजित अगले चरण में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखते हुए संवाद में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में वार्ड नंबर-3 के संजय निषाद ने शानदार
प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। उनकी सफलता पर नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक त्यागी ने माला पहनाकर उनका सम्मान किया और आगामी जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं। अध्यक्ष अशोक त्यागी ने कहा कि अजगरा महान संवाद युवाओं एवं आम नागरिकों को अपने विचार खुलकर रखने का बेहतर मंच प्रदान कर रहा है। ऐसे आयोजनों से लोगों में संवाद, तर्क और सामाजिक विषयों के प्रति
जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने विजेता संजय निषाद को बधाई देते हुए जिला स्तरीय चरण में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामना दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी विजेता प्रतिभागी का उत्साहवर्धन
किया और आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
