*सिंगरामऊ क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में हुआ भव्य श्रृंगार*
*सावन मास के समापन पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से किया पूजन, शिव को अर्पित किए प्रिय व्यंजन*
*******************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। सावन मास के समापन अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव का विशेष पूजन-अर्चन एवं भव्य श्रृंगार किया गया। इस दौरान मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
फिरोजपुर स्थित स्वयंभू महादेव मंदिर, सिगरामऊ राजघराने के ऐतिहासिक मंदिर परिसर तथा गौरी शंकर धाम सहित क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में भगवान शिव का आकर्षक श्रृंगार किया गया। चांदपुर स्थित स्वयंभू गौरी शंकर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का भव्य श्रृंगार किया।
इसी क्रम में तुलापुर में राम कुबेर पुजारी एवं राम कुबेर सेठ द्वारा निर्मित नर्मदेश्वर नाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन कर भगवान शिव का श्रृंगार किया।
फिरोजपुर स्थित स्वयंभू महादेव मंदिर के प्रांगण में जगत जननी मां जगदंबा, बजरंगबली तथा मंदिर के निर्माता परम पूज्य प्रातःस्मरणीय त्यागी जी महाराज का भी भव्य श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने देवी-देवताओं की पूजा कर सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की।
सावन मास में एक महीने तक लगातार भगवान शिव का जलाभिषेक करने वाले ग्रामीणों, महिलाओं एवं कुंवारी कन्याओं ने सावन के समापन पर भगवान शिव को हलवा-पूरी सहित उनके प्रिय व्यंजन श्रद्धापूर्वक अर्पित किए। श्रद्धालुओं ने पूरे महीने की गई पूजा-अर्चना के दौरान हुई किसी भी त्रुटि के लिए भगवान शिव से क्षमा याचना की तथा परिवार और समाज के कल्याण की प्रार्थना की।
सावन मास के अंतिम दिन मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के चलते पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान भोलेनाथ का पूजन कर सावन मास की आराधना का समापन किया।
