*बक्सा पुलिस की बड़ी सफलता, गुमशुदा ग्यारह मोबाइल फोन बरामद*
प्रेम शर्मा
जौनपुर बक्सा थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण और जनसामान्य के खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 11 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं| इन मोबाइलों की अनुमानित कुल कीमत लगभग 1लाख75 हजार रुपए बताई गई है|
यह सफलता पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में मिली| अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष बक्सा प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था| जिसमें इस टीम ने तकनीकी संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग किया| इस अभियान में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड- बी विवेक कुमार की भूमिका अहम रही| उन्होंने कड़ी मेहनत, तकनीकी सर्विलांसऔर IMEI ट्रैकिंग प्रणाली का सटीक उपयोग करते हुए सभी ग्यारह मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया|
पुलिस टीम ने सर्विलांस डेटा के आधार पर मोबाइल स्वामियों की पहचान सुनिश्चित की और उन्हें बरामदगी की सूचना दी| साइबर अपराधों की संभावना को देखते हुए, बरामद सभी मोबाइल फोन को अग्रिम तकनीकी जांच और डेटा सत्यापन के लिए साइबर सेल भेजा गया है| जांच पूरी होने के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत साइबर सेल से मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए जाएंगे|
अधिक समय से गुम हुए अपने कीमती मोबाइल फोन वापस मिलने की सूचना पाकर संबंधित लोगों ने खुशी व्यक्त की है| मोबाइल स्वामियों ने बक्शा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार जताया|
