*अग्निशमन दल ने सिंगरामऊ पुलिसकर्मियों को दिया अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण*
*थाना प्रभारी सहित महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों ने लिया प्रशिक्षण*
*******************
*संबाद:शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ। स्थानीय थाना परिसर में गुरुवार को अग्निशमन दल की ओर से थाना परिसर में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा एवं प्रारंभिक अग्नि दुर्घटनाओं से निपटने के संबंध में एक
दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल किए जाने वाले बचाव उपायों तथा अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी प्रयोग की जानकारी दी गई।
एफएसएसओ आनंद प्रताप सिंह ने प्रारंभिक अग्नि दुर्घटना के कारणों, सावधानियों तथा आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया
कि समय रहते सही तकनीक और अग्निशमन उपकरणों का प्रयोग कर आग को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सकता है, जिससे बड़े हादसे को टाला जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान फायरमैन किसान सिंह ने अग्निशमन यंत्र का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए जलती हुई आग को बुझाकर पुलिसकर्मियों को इसकी कार्यप्रणाली समझाई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को विषम परिस्थितियों में अग्निशमन यंत्र के सही तरीके से इस्तेमाल करने का गुर सिखाया और आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सावधानीपूर्वक कार्रवाई करने पर जोर दिया।

इस दौरान प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार ने भी अग्निशमन यंत्र का प्रयोग कर आग बुझाने का अभ्यास किया। थाना प्रभारी समेत अन्य महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अग्निशमन उपकरणों के संचालन की जानकारी प्राप्त की।

अग्निशमन दल ने पुलिसकर्मियों को आग से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि प्रारंभिक स्तर पर की गई त्वरित एवं सही कार्रवाई से जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों ने अग्नि सुरक्षा संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं को समझा।
