जल जीवन मिशन परियोजना में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

*जल जीवन मिशन परियोजना में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार*

*दो साइटों से चोरी हुए इन्वर्टर-बैटरियां बरामद, दो नामजद समेत अन्य साथियों की तलाश में जुटी पुलिस*

दधीच विश्वकर्मा

लंभुआ (सुलतानपुर)। थाना लम्भुआ पुलिस ने जल जीवन मिशन परियोजना की दो साइटों पर हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का इन्वर्टर, छह बैटरियां तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में दो अन्य नामजद आरोपियों समेत कुछ अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 27/28 जुलाई की रात ग्राम किठौली और मदनपुर पनियार स्थित जल जीवन मिशन परियोजना की साइटों से दो इन्वर्टर और चार बैटरियां चोरी हो गई थीं। इस संबंध में थाना लम्भुआ में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
शुक्रवार तड़के करीब 3:45 बजे गोपालापुर मोड़ हाईवे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को बैटरी के साथ पकड़ा। पूछताछ और तलाशी में उनके कब्जे से एक यूटीएल सोलर इन्वर्टर, चार यूटीएल बैटरियां, दो ओकेवाईए बैटरियां तथा चोरी के माल के परिवहन में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डेविड उर्फ हर्षित तिवारी निवासी बेलहरी थाना मोतीगरपुर, नीरज उर्फ कोपे निषाद निवासी चौधरीपुरवा (पापरघाट) थाना लम्भुआ तथा राजा कुमार रैदास निवासी चौधरीपुरवा के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जल जीवन मिशन की दोनों साइटों पर चोरी की थी। उन्होंने यह भी बताया कि गिरोह के सदस्य रात में पैदल अथवा मोटरसाइकिल से निकलकर अवसर मिलने पर विभिन्न स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। पूछताछ में राजेश निषाद उर्फ उदई निवासी ककरवार पुरवा थाना मोतीगरपुर तथा जुगेश निषाद निवासी पापरघाट (हरिवंशपुर) थाना लम्भुआ सहित कुछ अन्य व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
क्षेत्राधिकारी लम्भुआ रितिक कपूर ने बताया कि प्रभावी चेकिंग अभियान के दौरान तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर जल जीवन मिशन परियोजना में हुई चोरी का सफल खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!