*अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग गंभीर घायल, चालक वाहन सहित फरार*
*************************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ (जौनपुर)। सिगरामऊ थाना क्षेत्र के रतासी चौराहे के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलेरो ने दोपहिया वाहन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक, उसकी मां और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिगरामऊ थाना क्षेत्र के अंदीपुर गांव निवासी सुजीत गौतम अपनी मां एवं बहन के साथ दोपहिया वाहन से रतासी चौराहे पर आवश्यक सामान खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायलों के सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए निजी वाहन की सहायता से तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बदलापुर पहुंचाया।
इधर, दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार बोलेरो चालक और वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के कारणों एवं अन्य तथ्यों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
