*प्रतापगढ़ : नगर पंचायत ढकवा कूड़ा प्रकरण में मुकदमा दर्ज, नगर पंचायत कार्यालय से कारण बताओ नोटिस जारी*
*शिव मंदिर के सामने कूड़ा पलटने के आरोप पर पुलिस कार्रवाई तेज, दोनों वाहन चालकों का शांति भंग में चालान*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। आसपुर देवसरा क्षेत्र के नगर पंचायत ढकवा में शुक्रवार को कूड़ा उठाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। मामले में आसपुर देवसरा पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, नगर पंचायत ढकवा कार्यालय की ओर से संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि कूड़ा उठाने के दौरान विवाद होने पर नगर पंचायत के कूड़ा वाहन चालक ने कथित रूप से बाजार स्थित एक दुकान और शिव मंदिर के सामने ही कचरा पलट दिया। घटना के बाद बाजार में गंदगी फैल गई, जिससे व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। धार्मिक स्थल के सामने कूड़ा फेंके जाने के आरोप से स्थानीय लोगों की भावनाएं भी आहत हुईं। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में व्यापारी एकजुट होकर आसपुर देवसरा थाने पहुंचे और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित तहरीर दी। व्यापारियों का आरोप है कि नगर पंचायत के कुछ सफाई कर्मचारी आए दिन कूड़ा उठाने के नाम पर विवाद करते हैं तथा अतिरिक्त पैसे की मांग भी करते हैं। उनका कहना है कि शुक्रवार को भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद वाहन चालक ने कथित रूप से कूड़ा सड़क और शिव मंदिर के सामने पलट दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले में दोनों वाहन चालकों से पूछताछ की गई। वहीं, नगर पंचायत प्रशासन ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। *इस संबंध में थानाध्यक्ष आसपुर देवसरा राकेश चौरसिया ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। साथ ही दोनों वाहन चालकों का शांति भंग की आशंका के दृष्टिगत धारा 151 के अंतर्गत चालान किया गया है।* पुलिस और नगर पंचायत प्रशासन दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है।
