*एसपी चारू निगम ने जनसुनवाई में सुनीं शिकायतें, समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई के दिए निर्देश*
*थाना प्रभारियों से कहा- स्थलीय जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें, शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई से करें अवगत*
दधीच विश्वकर्मा 
सुलतानपुर। पुलिस कार्यालय में गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक श्रीमती चारू निगम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों से वर्चुअल एवं दूरभाष के माध्यम से संवाद कर कहा कि प्राप्त प्रार्थना-पत्रों की स्थलीय जांच कर तथ्यों के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही प्रत्येक मामले में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
एसपी चारू निगम ने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें और संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग के माध्यम से आमजन का विश्वास बनाए रखें।
