*प्रतापगढ़ में 8 लाख रुपये की एमडी ड्रग्स के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार*
*हत्या के प्रयास, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस समेत 17 मुकदमों का आरोपी, बेचने जा रहा था मादक पदार्थ*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कंधई थाना पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 38.42 ग्राम अवैध एमडी (मेथामफेटामाइन) बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग आठ लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम पूरे देवयानी की ओर अवैध एमडी लेकर जा रहा है। सूचना पर कंधई थाना पुलिस और स्पेशल टीम ने सराय जमुआरी नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 38.42 ग्राम एमडी बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ को सील कर पुलिस ने कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुनैद अहमद (29) पुत्र अब्दुल सलाम, निवासी ग्राम पूरे देवयानी, थाना कंधई, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना कंधई में मु0अ0सं0 161/2026 के तहत धारा 22(सी) एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि जुनैद अहमद कंधई थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 17 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बरामद एमडी को बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था। उसने बताया कि इसी अवैध कारोबार से आर्थिक लाभ कमाकर अपने खर्च और शौक पूरे करता था। पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
