*सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, प्रशासन ने जेसीबी से ढहाया पक्का निर्माण*
********************
*संवाद :माता चरण पांडे*
मछलीशहर। तहसील क्षेत्र के बरावां गांव में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पक्का निर्माण ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई तहसीलदार हुसैन अहमद के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से संपन्न कराई।
जानकारी के अनुसार, गांव की गाटा संख्या 558 (चक मार्ग) एवं गाटा संख्या 559 (नवीन परती) की सरकारी भूमि पर सुनील, सुशील और सुधीर, पुत्रगण सरजू प्रसाद द्वारा अवैध रूप से पक्का निर्माण कर कब्जा कर लिया गया था। मामले की सुनवाई के बाद तहसीलदार न्यायालय ने कब्जाधारियों के विरुद्ध बेदखली का आदेश पारित किया था।
प्रशासन की ओर से कब्जाधारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं निर्माण हटाने का अवसर दिया गया, लेकिन आदेश का पालन नहीं किए जाने पर राजस्व विभाग ने पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर जेसीबी से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त करा लिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पूरी प्रक्रिया देखते रहे। तहसीलदार हुसैन अहमद ने बताया कि जांच और न्यायालय की कार्यवाही में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा सिद्ध हो चुका था। नियमानुसार पर्याप्त समय दिए जाने के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन को बलपूर्वक कार्रवाई करनी पड़ी।
इस अभियान में नायब तहसीलदार राजकुमार सोनकर, राजस्व निरीक्षक जयप्रकाश सहित राजस्व विभाग की टीम और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
