*819 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, सुल्तानपुर से गरजे मुख्यमंत्री योगी*
दधीच विश्वकर्मा
*नर्सिंग कॉलेज का शिलान्यास, विकास और कानून-व्यवस्था पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, राम मंदिर चंदा विवाद पर विपक्ष को घेरा*
सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सुल्तानपुर के डायट मैदान से जिले को 819 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने नर्सिंग कॉलेज का शिलान्यास किया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, आवास की चाबी, प्रशस्ति पत्र और अन्य सहायता सामग्री वितरित की। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, कानून-व्यवस्था और रोजगार सृजन की उपलब्धियों का उल्लेख किया, वहीं विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत “सियावर रामचंद्र की जय” के उद्घोष के साथ करते हुए सुल्तानपुर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रयास से जिले में मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू हो चुका है और अब नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार विकास और सुशासन के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले जहां जिलों की पहचान माफिया संस्कृति से जुड़ती थी, वहीं अब हर जिले में मेडिकल कॉलेज, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश आज निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है और प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश के साथ रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बीते नौ वर्षों में लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, जबकि स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और अयोध्या अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से पूर्वांचल के विकास को नई गति मिली है। साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे प्रस्तावित इंडस्ट्रियल हब से सुल्तानपुर के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा।
राम मंदिर ट्रस्ट में कथित चंदा गड़बड़ी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायत मिलते ही एसआईटी गठित की गई और प्रारंभिक जांच में जिन लोगों के नाम सामने आए, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष तथ्यों के बजाय भ्रम फैलाने और अयोध्या की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, मुफ्त राशन, सड़क निर्माण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, नंद बाबा दुग्ध मिशन तथा मातृत्व एवं बालिका सहायता सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चेक, आवास की चाबी, थर्मल प्रिंटर और प्रशस्ति पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गिरीश नारायण यादव, विधायक विनोद सिंह, राजेश गौतम, राज प्रसाद उपाध्याय, सीताराम वर्मा, सुरेश गौतम, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने इन लोगो किया सम्मानित*
सुल्तानपुर।जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने अनीता कुमारी को घर की चाभी, सीमा मौर्य व निधि वर्मा विद्युत सखी एनआरएलएम को एक एक थर्मल प्रिंटर,संजू साहू बीसी सखी को प्रशस्ति पत्र,साधना देवी, नजमा को चेक,पूजा पाल व रीता को समूह का चेक,रीमा देवी, आराधना को 50- 50 हजार का चेक,मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत अमन मौर्य की 05 लाख डेमो चेक,निर्मला को 03 लाख का डेमो चेक,दयाशंकर भार्गव को 05 लाख का डेमो चेक,लक्ष्मी जायसवाल व गुलाबपति त्रिपाठी को नंदबाबा दुग्ध मिश्रण योजना के तहत चेक व मातृत्व शिशु एवं बालिका सहायता के लिए लक्ष्मण,अरुण कुमार,लीलावती देवी व पूनम को डेमो चेक सौंपा।
