*तालाब पर सो रहे युवक पर जानलेवा हमला, सिर में गंभीर चोट; प्रधानी विवाद से जोड़कर पुलिस कर रही जांच*
दधीच विश्वकर्मा
चांदा, सुल्तानपुर। कोतवाली चांदा क्षेत्र के सेमरीकला गांव में शनिवार देर रात पट्टे के तालाब पर सो रहे एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेमरीकला निवासी सोनू गोंड (32) पुत्र रामनरायन गोंड गांव के पट्टे के तालाब पर बने छप्पर में प्रतिदिन की तरह शनिवार रात लगभग 10 बजे सो रहे थे। आरोप है कि देर रात कुछ लोगों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गहरी चोट आई तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली चांदा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदा भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला प्रधानी से जुड़े पुराने विवाद से संबंधित प्रतीत हो रहा है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
क्षेत्राधिकारी लम्भुआ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायल का उपचार कराया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
