*रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर/शाहगंज नगर के आजमगढ़ मार्ग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप बुधवार सुबह रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरजहांपुर गांव निवासी 45 वर्षीय विवेकानंद सिंह पुत्र सत्यव्रत सिंह बुधवार सुबह किसी कार्य से शाहगंज आए थे। उन्हें जौनपुर में एक रिश्तेदार के गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने जाना था। इसके लिए आवश्यक सामान खरीदने के बाद वह बाइक से लौट रहे थे।
इसी दौरान आजमगढ़ मार्ग पर बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप उनकी बाइक रोडवेज बस की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने घायल को तत्काल राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को देने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
