मुस्लिम समुदाय के दो युवक से जबरन जय श्री राम का नारा लगवाने के बाद युवकों से मारपीट का आरोप

*मुस्लिम समुदाय के दो युवक से जबरन जय श्री राम का नारा लगवाने के बाद युवकों से मारपीट का आरोप,*

 

*₹25 हजार नकद व ड्रिल मशीन छीनी,वीडियो वायरल*

दाधीच विश्वकर्मा

चांदा/सुलतानपुर

 

चांदा थाना क्षेत्र में दो युवकों के साथ कथित मारपीट, अभद्रता और लूटपाट का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ जनपद के थाना देवसरा क्षेत्र स्थित रामगंज निवासी आफताब आलम पुत्र मोहम्मद जमील अपने रिश्तेदार मोहम्मद जीशान पुत्र मोहम्मद जुनैद, निवासी दोस्तपुर के यहां आया हुआ था। बताया जाता है कि दोनों युवक आवश्यक घरेलू सामान खरीदने के लिए ढखवा बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया।पीड़ित आफताब आलम द्वारा चांदा कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार, अक्षत पांडेय, कमल, चंदन और सूरज राजा समेत कुछ अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया और कथित रूप से धार्मिक नारा लगाने का दबाव बनाया। पीड़ित का आरोप है कि उनके द्वारा नारा लगाने के बाद भी आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और अपमानजनक टिप्पणियां कीं।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने आफताब के पास मौजूद ₹25 हजार नकद और एक ड्रिल मशीन छीन ली। इतना ही नहीं, पूरी घटना का वीडियो भी मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। भय और मानसिक तनाव के कारण वह तत्काल पुलिस के पास नहीं पहुंच सका। बाद में जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और परिजनों को घटना की जानकारी मिली।इसके बाद 11 जून को आफताब आलम ने चांदा कोतवाली पहुंचकर नामजद तथा अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध लिखित तहरीर दी और कठोर कार्रवाई की मांग की।उधर, पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *