*युवती ने युवक पर लगाया,यौन शोषण एवं मारपीट का आरोप*
प्रेम शर्मा
जौनपुर: बक्शा थाना क्षेत्र में एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण व मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता सुल्तानपुर के एक गांव की रहने वाली है। पीड़िता ने बक्शा थाने में लिखित तहरीर दी है। पीड़िता ने बताया कि वह आर्केस्ट्रा में काम करती है, जहां उसकी मुलाकात जौनपुर के लाइन बाजार निवासी अजीत शर्मा से हुई। दोनों साथ काम करते थे और उनकी बातचीत होती रहती थी।
पीड़िता के अनुसार, अजीत शर्मा ने उससे शादी का वादा कर बार-बार शारीरिक संबंध बनाए और उसका शारीरिक शोषण किया। जब भी पीड़िता अजीत से शादी करने को कहती, वह टाल देता था।
पीड़िता ने अपनी तहरीर में बताया कि 18 मई 2026 को आर्केस्ट्रा का काम खत्म करने के बाद वह अजीत शर्मा के नौपेड़वां स्थित किराए के मकान पर गई। वहां जब उसने अजीत से शादी की बात की, तो वह गुस्सा हो गया। अजीत ने पीड़िता को गाली दी, बेल्ट से मारा और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि “ज्यादा बोलोगी तो जान से मार के फेंक दूंगा, किसी को कुछ पता नहीं चलेगा।”
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर बक्शा पुलिस ने आरोपी अजीत शर्मा पुत्र सुधाकर शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा रही है और मामले में आगे की कार्यवाही जारी है।
