*यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: 56,880 अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज की विशेष व्यवस्था*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल जिला ब्यूरो*
जौनपुर। 8 से 10 जून तक आयोजित होने वाली यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर जौनपुर प्रशासन और रोडवेज विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर कुल 56,880 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था लागू की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर रोडवेज विभाग ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है, जो रविवार शाम 5 बजे से 10 जून की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत विभिन्न रूटों पर बसों की संख्या और फेरे बढ़ाए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बसें भी संचालित की जाएंगी।
जौनपुर डिपो से वाराणसी, लखनऊ, आजमगढ़, गोरखपुर, प्रयागराज, गाजीपुर और मिर्जापुर समेत विभिन्न जनपदों के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। साथ ही 12 अतिरिक्त बसें भी रिजर्व रखी गई हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर तत्काल सेवा में लगाया जाएगा।
एआरएम स्नेहलता ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वर्तमान में 85 से अधिक बसें संचालित हैं और यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी। विभाग का लक्ष्य है कि किसी भी अभ्यर्थी को आवागमन में परेशानी न हो और सभी समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।
