*विश्व पर्यावरण दिवस पर महमूदपुर में वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ*
*******************”*
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ /(जौनपुर), 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकास खंड बदलापुर के ग्राम महमूदपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी के निर्देश तथा एडीओ पंचायत रणजीत सिंह के पर्यवेक्षण में ग्राम प्रधान संजय सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान संजय सिंह एवं उनके सहयोगियों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया गया। ग्राम प्रधान ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप गांव में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पहले दिन लगभग 150 पौधे लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत को 300 पौधे रोपित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसे अगले दिन तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हुए “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान भी चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत गांव के प्रत्येक परिवार से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया जा रहा है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान की भावना को भी बढ़ावा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिवस का कार्यक्रम न होकर जनभागीदारी से जुड़ा सतत अभियान बनना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान संजय सिंह ने की। इस अवसर पर विशंभर नाथ पांडेय, रामचंद्र विश्वकर्मा, राधेश्याम पाल, बृजनाथ यादव सहित अनेक ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
