जौनपुर। सिंगरामऊ श्रीराम सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित पावन श्रीराम कथा महोत्सव के अंतर्गत बहरीपुर कला क्षेत्र में भव्य धार्मिक झांकी एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह आकर्षक झांकी बहरीपुर से रतासी स्थित शिव मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री हनुमान मंदिर तक निकाली गई।
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी की मनमोहक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। यात्रा के दौरान श्रद्धालु जय श्रीराम के उद्घोष के साथ भक्ति में सराबोर नजर आए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
राम कथा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कथा वाचक परम पूज्य श्री कन्हैयालाल उपाध्याय जी महाराज एवं आचार्य अरविन्द कुमार उपाध्याय की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान की। दोनों विद्वानों ने धर्म, भक्ति एवं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को प्रेरित किया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं श्रीराम सेवा ट्रस्ट अध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्रा (गुड्डू) ने बताया कि यह आयोजन धर्म, भक्ति एवं ज्ञान के संगम का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
