*कांग्रेस नेता अरुण कुमार सिंह ‘मुन्ना’ का निधन, शोक की लह*
********************
*संवाद :माता चरण पांडे*
जौनपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री अरुण कुमार सिंह ‘मुन्ना’ का सोमवार को प्रयागराज में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी और जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।
मूल रूप से जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी मुन्ना छात्र राजनीति से उभरकर बड़े नेता बने। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 1969 में छात्रसंघ उपाध्यक्ष और 1971 में अध्यक्ष पद संभाला। वर्ष 1977 में मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। इसके बाद 1980 से 1990 तक एमएलसी रहते हुए प्रदेश सरकार में मंत्री रहे। 1991 में रारी विधानसभा सीट से भी विधायक बने। वर्ष 2003 से 2005 तक उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया।
मुन्ना 1998 के लोकसभा चुनाव में जौनपुर सदर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भी रहे थे। वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के करीबी माने जाते थे।
उनके निधन की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक व्याप्त है। स्थानीय नेताओं और समर्थकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका राजनीतिक योगदान और पार्टी के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।
