*जौनपुर में हाई-टेक निगरानी की तैयारी, पुलिस लाइन में बनेगा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर*
*पुलिस की तीसरी आंख से अब अपराधियों की खैर नहीं*
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग अब आधुनिक तकनीक का सहारा लेने जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस लाइन परिसर में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जाएगा।
इस अत्याधुनिक केंद्र के माध्यम से शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगे सभी नेटवर्किंग वाले सीसीटीवी कैमरों को एक ही प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। खास बात यह है कि इस व्यवस्था में सरकारी कैमरों के साथ-साथ व्यापारियों, संस्थाओं और आम नागरिकों के निजी सीसीटीवी कैमरे भी शामिल किए जा सकेंगे। इससे पूरे जनपद में एक व्यापक निगरानी नेटवर्क तैयार होगा।
इस हाई-टेक सेंटर में स्मार्ट तकनीक और अलर्ट सिस्टम की सुविधा होगी, जिससे किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल प्राप्त की जा सकेगी। सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस को तुरंत सक्रिय किया जाएगा, जिससे मौके पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी और अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी आएगी।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि सेंटर के शुरू होने से अपराधों की रोकथाम में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन में यह केंद्र शीघ्र ही क्रियाशील होगा और अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरों को इससे जोड़ा जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस पहल से जनपद की सीमाओं पर निगरानी मजबूत होगी तथा रात्रि गश्त के दौरान बीट कांस्टेबल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रियता भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना जौनपुर पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
