*जौनपुर जेल में बंद पूर्व सांसद उमाकांत यादव की तबीयत बिगड़ी, बीएचयू रेफर*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल ( जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। जिला कारागार में बंद पूर्व सांसद उमाकांत यादव की शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए (बीएचयू) रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रूपेश कुमार के अनुसार, उमाकांत यादव को सीने में तेज दर्द की शिकायत थी। जांच के दौरान उनका ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल बढ़ा हुआ पाया गया। ईसीजी कराने के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए बीएचयू भेजा गया।
बताया जाता है कि उमाकांत यादव जीआरपी सिपाही अजय सिंह की हत्या और थाने पर गोलीबारी के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। इस मामले में 8 अगस्त 2022 को अपर जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश शरद कुमार त्रिपाठी ने उन्हें दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी, साथ ही 5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था।
पूर्व सांसद के खिलाफ कुल 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, धोखाधड़ी और लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। उनके विरुद्ध आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाने में सर्वाधिक मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत भी उनके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।
उमाकांत यादव जौनपुर जिले के चर्चित बाहुबली नेता और पूर्व सांसद रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से की और 1991 व 1993 में खुटहन से विधायक चुने गए। इसके बाद 1996 में समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर विधायक बने। वर्ष 2004 में बसपा के टिकट पर मछलीशहर से सांसद निर्वाचित हुए। वर्ष 2017 में उन्हें राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का राष्ट्रीय महासचिव भी बनाया गया था।
