*पिटाई से नहीं फेफडे़ में इंफेक्शन से हुई युवक की मौत,पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा*
शिवपूजन मिश्रा
जौनपुर : बदलापुर थाना क्षेत्र के कुशहां गांव निवासी युवक राजीव जैसवार की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नया मोड़ आ गया है। रिपोर्ट में मौत का कारण फेफड़ों की बीमारी बताया गया है, जबकि परिजनों ने पहले पैसे के लेन-देन के विवाद में मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया था।
जानकारी के अनुसार, राजीव जैसवार रामनगर बाजार में एक व्यापारी के यहां ड्राइवर के रूप में काम करते थे। परिजनों का आरोप है कि आर्थिक तंगी के चलते राजीव ने अपने मालिक से कुछ रुपये उधार लिए थे, जिसे लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि 21 फरवरी 2026 को जब राजीव अपने साले के साथ रामनगर बाजार पहुंचे, तभी वहां मौजूद दो लोगों ने उनसे पैसे की मांग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने कथित रूप से राजीव की लात-घूंसों से पिटाई कर दी।
घटना के बाद गंभीर हालत में परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां कुछ दिनों तक इलाज चलने के बाद शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई। शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मामले की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची । स्थिति को देखते हुए एसपी ग्रामीण अतिश कुमार सिंह, बदलापुर एसडीएम योगिता सिंह, सीओ सुनील कुमार तथा बदलापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रविवार को क्षेत्राधिकारी शाहगंज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत फेफड़ों की बीमारी से होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
