जौनपुर में उज्ज्वला लाभार्थियों को निःशुल्क सब्सिडी वितरण

*जौनपुर में उज्ज्वला लाभार्थियों को निःशुल्क सब्सिडी वितरण*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर।
कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में उज्ज्वला योजना के अंतर्गत निःशुल्क सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक लाभार्थियों को उज्ज्वला सिलेंडर के सापेक्ष दी जा रही सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। इस अवसर पर लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया।

कार्यक्रम में सीमा द्विवेदी, बृजेश सिंह ‘प्रिन्सू’, नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र तथा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अतिथियों ने लाभार्थियों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए सरकार की मंशा से अवगत कराया।

राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित उज्ज्वला योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिन्सू’ ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने लाभार्थियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने और नियमित रूप से गैस सिलेंडर का उपयोग करने की अपील की।

जनपद में कुल 4,03,934 उज्ज्वला लाभार्थी हैं। इनमें से प्रथम चरण में 2,81,631 लाभार्थियों को निःशुल्क रिफिल सिलेंडर प्राप्त हुआ है तथा उनके खातों में सब्सिडी की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है। द्वितीय चरण में अब तक 1,36,783 लाभार्थियों ने निःशुल्क रिफिल सिलेंडर प्राप्त किया है और मार्च माह में होली पर्व के मद्देनजर उनके खातों में सब्सिडी की राशि अंतरित कर दी गई है।

शेष लाभार्थियों द्वारा निःशुल्क रिफिल सिलेंडर प्राप्त करने के बाद सब्सिडी की धनराशि उनके खातों में 31 मार्च तक हस्तांतरित कर दी जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी उज्ज्वला लाभार्थियों से अपील की है कि वे शीघ्र अपना निःशुल्क रिफिल प्राप्त कर लें, ताकि उनके खातों में सब्सिडी की राशि समय से अंतरित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *