*अनुपस्थित पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई, आठ निलंबित*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। जनपद में पुलिस विभाग में अनुशासन कायम रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। लंबे समय से बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
एसएसपी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार निलंबित कर्मियों में तीन मुख्य आरक्षी, चार आरक्षी और एक फॉलोअर (कुक) शामिल हैं। ये सभी काफी समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित थे, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित हो रहा था।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में मुख्य आरक्षी राजेश्वर सिंह यादव, मुख्य आरक्षी राम आशीष यादव, मुख्य आरक्षी मनोज कुमार, आरक्षी रवि वालियान, आरक्षी जितेंद्र कुमार यादव, आरक्षी नवीन सिंह, आरक्षी विशाल यादव तथा फॉलोअर (कुक) विनय कुमार सिंह शामिल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि विभाग में अनुशासनहीनता और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति जवाबदेह रहना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी बिना अनुमति अनुपस्थित रहने या ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
