शुरू होंगी यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं

* शुरू होंगी यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं*

 

*जिले में 1.54 लाख परीक्षार्थी देंगे इम्तिहान*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जिले में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो रही हैं। इस बार जिले में कुल 1,54,122 परीक्षार्थियों के लिए 206 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

 

जिले के लगभग 667 माध्यमिक वित्तपोषित, राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 77,042 तथा इंटरमीडिएट के 77,080 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षा संचालन के लिए जिले को छह जोन और 22 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य व्यवस्थापक भी नियुक्त किए गए हैं।

 

प्रशासन ने 24 परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील तथा 13 को अतिसंवेदनशील घोषित किया है, जहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रश्नपत्रों को चार लेयर की लॉकिंग व्यवस्था में पुलिस और सीसीटीवी निगरानी के बीच सुरक्षित रखा गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर जिला व मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से जोड़े गए हैं, जिससे किसी भी केंद्र की गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके।

 

उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन के लिए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है, जबकि प्रश्नपत्रों के सुरक्षित भंडारण हेतु राजा डीएम (शिया) इंटर कॉलेज में स्ट्रांग रूम बनाया गया है।

 

परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग ने मॉनिटरिंग सेल का गठन किया है। इसके साथ ही छह सचल दल भी बनाए गए हैं, जिनमें शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारी शामिल हैं। प्रत्येक दल में एक महिला सदस्य की भी तैनाती की गई है।

 

मंगलवार शाम तक सभी केंद्रों पर तैयारियां अंतिम चरण में रहीं। केंद्र व्यवस्थापकों की निगरानी में डेस्क स्लिप चस्पा की गईं और व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। परीक्षार्थियों के लिए शौचालय, यूरिनल और पेयजल की सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

 

पहले दिन हाईस्कूल में हिंदी और प्रारंभिक हिंदी तथा इंटरमीडिएट में हिंदी और सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा होगी। प्रथम पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।

 

बोर्ड परीक्षा एक नजर में:

 

कुल विद्यालय: 667

 

कुल परीक्षा केंद्र: 206

 

वर्ष 2025 में परीक्षा केंद्र: 218

 

कुल परीक्षार्थी: 1,54,122

 

कुल जोन: 06

 

कुल सेक्टर: 22

 

संवेदनशील केंद्र: 24

 

अति संवेदनशील केंद्र: 13

 

सचल दल: 06

 

 

प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और समयबद्ध सूचना प्रणाली के माध्यम से निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *