प्रतापगढ़ में 53 हजार उपभोक्ताओं ने 67.76 करोड़ जमा किए विधुत बिल

*प्रतापगढ़ में 53 हजार उपभोक्ताओं ने 67.76 करोड़ जमा किए विधुत बि*

*विद्युत बिल राहत योजना के पहले चरण की तारीख को 31 दिसंबर से बढ़ाकर 3 जनवरी 2026 हुई*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़ जिले में बिजली बिल राहत योजना के पहले चरण का आज समापन हो रहा है। इस चरण में 1 दिसंबर से 30 दिसंबर तक 53 हजार बिजली उपभोक्ताओं ने 67 करोड़ 76 लाख रुपए का बकाया बिजली बिल जमा किया है। इससे इन उपभोक्ताओं को कुल 86 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ हुआ है। योजना का लाभ उठाने और बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं में होड़ मची हुई है। जिले में कुल 2.69 लाख बिजली उपभोक्ताओं पर 535 करोड़ रुपए का बिजली बिल बकाया है। पहले चरण के अंतिम दिन बिजली काउंटरों पर बिल जमा करने के लिए लंबी कतारें देखी गईं। उपभोक्ता अपना बकाया बिल जमा कर इस झंझट से मुक्त होना चाहते हैं और सरकार की योजना का लाभ उठाना चाहते हैं। बिजली बिल राहत योजना के पहले चरण में सरकार ने 100% ब्याज माफी के साथ-साथ मूल बकाया बिल में भी 25% की छूट दी है। यह छूट उपभोक्ताओं के लिए काफी आकर्षक साबित हुई है। आज के बाद, कल से राहत योजना का दूसरा चरण शुरू होगा। इस चरण में उपभोक्ताओं को 100% ब्याज माफी तो मिलेगी, लेकिन मूल बिजली बिल में केवल 20% की माफी दी जाएगी। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता छैल बिहारी ने बताया कि प्रतापगढ़ में बिजली उपभोक्ता इस राहत योजना का जबरदस्त लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना उपभोक्ताओं को बहुत पसंद आ रही है और विभाग पूरे जनपद में इसका प्रचार-प्रसार कर रहा है। अधीक्षण अभियंता ने आगे बताया कि लोग अपना बकाया जल्द से जल्द समाप्त करना चाहते हैं। उपभोक्ता एकमुश्त बिल जमा कर बड़ा लाभ उठा सकते हैं, जबकि 750 और 500 रुपए की आसान किस्तों में भी अपना विद्युत बिल बकाया जमा करने का विकल्प उपलब्ध है। हालांकि उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रथम चरण की तारीख 31 दिसंबर से बढ़ाकर 3 जनवरी 2026 तक कर दी है । जिससे जनता को ज्यादा से ज्यादा लाभ दिया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *