*ग्यारह साल के बच्चे की दफन कब्र दो मांह बाद खुदी*
प्रेम शर्मा
शाहगंज खुटहन थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है| राउतपुर गांव के केशलाल निषाद का बेटा सत्यम 15 फरवरी की सुबह कुछ बच्चों के साथ दौड़ने के लिए गया था| उसका शव रामनगर बाजार के पास एक पेट्रोल पंप के निकट राजकीय राजमार्ग 7 के किनारे मिला था| घटना के समय परिजनों ने इसे दुर्घटना मानकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी| शव को पिलकिछा घाट पर दफना दिया गया था| पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया था| दो महीने के बाद मृतक के पिता ने जिलाधिकारी को पत्र देकर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है|उनका कहना है की घटना के दिन कुछ बच्चे घर आए और सत्यम को अपने साथ लेकर गए, बाद में उसका शव मिला| परिवार का आरोप है कि सत्यम की हत्या कर मामले को दुर्घटना का रूप दिया गया| जिलाधिकारी के आदेश पर रविवार को नायब तहसीलदार शाहगंज पीयूष सिंह और प्रभारी निरीक्षक मुन्ना राम की मौजूदगी में शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है|