*जौनपुर जिला कारागार में विचाराधीन बंदी की उपचार के दौरान मौत, परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। जिला कारागार में चोरी के आरोप में निरुद्ध एक विचाराधीन बंदी की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान अजीत कुमार गौतम (25) पुत्र बनवारी लाल गौतम निवासी ग्राम महाबुधपुर, थाना सरपतहा के रूप में हुई है।
जेल प्रशासन के अनुसार शुक्रवार सुबह अजीत कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। दोपहर करीब एक बजे उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। उपचार के दौरान उनकी स्थिति लगातार गंभीर होती गई और देर रात लगभग 9:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूत्रों के मुताबिक सरपतहा थाना पुलिस ने गुरुवार को चोरी के एक मामले में अजीत कुमार गौतम को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा था।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के पिता बनवारी लाल गौतम ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने उनके पुत्र को 16 फरवरी को चोरी के आरोप में हिरासत में लिया था। उन्होंने दावा किया कि अजीत पहले पूरी तरह स्वस्थ था और उसे कोई बीमारी नहीं थी।
पिता के अनुसार, थाने में मुलाकात के दौरान अजीत ने उन्हें बताया था कि पुलिस ने उसके साथ मारपीट की है। बनवारी लाल का आरोप है कि पुलिस ने अजीत को तीन दिन तक अपने पास रखा और चौथे दिन जेल भेज दिया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले को लेकर पुलिस व जेल प्रशासन की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
