लम्भुआ कोतवाली में हर्षोल्लास से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व

*लम्भुआ कोतवाली में हर्षोल्लास से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व*

रिपोर्टर अशोक कुमार वर्मा

लम्भुआ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को बड़े हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लम्भुआ कोतवाली परिसर स्थित मंदिर में विधि-विधान के साथ भगवान श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चन किया गया।

पूजन के यजमान के रूप में कोतवाली प्रभारी धीरज कुमार ने अपनी पत्नी के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। जन्माष्टमी को लेकर कोतवाली परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। देर रात तक मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा।

लम्भुआ नगर के श्रद्धालु विभिन्न टोलियों में गाते-बजाते हुए कोतवाली परिसर स्थित मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण की आरती में शामिल हुए। भक्तों ने भगवान के जन्म तक भजनों का आनंद लिया। जैसे ही मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, पूरा परिसर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा।

भगवान के जन्म के अवसर पर श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर खुशी का इजहार किया। इसके साथ ही आतिशबाजी और आरती का आयोजन किया गया। कोतवाली प्रभारी धीरज कुमार के नेतृत्व में कोतवाली का पूरा स्टाफ श्रद्धालुओं के साथ पूरी तन्मयता से धार्मिक आयोजन में शामिल रहा।

पूजन और आरती के उपरांत कोतवाली प्रभारी धीरज कुमार एवं पुलिस स्टाफ द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे लम्भुआ वासियों ने प्रसाद ग्रहण किया और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के बाद एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए अपने-अपने घरों को रवाना हुए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!