प्रतापगढ़ पुलिस लाइन से लेकर थानों तक गूंजा श्रीकृष्ण भक्ति का जयघोष

*प्रतापगढ़ पुलिस लाइन से लेकर थानों तक गूंजा श्रीकृष्ण भक्ति का जयघोष*

*भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के मंचन से भक्तिमय हुआ माहौल, पुलिस परिवारों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को जनपद के पुलिस लाइन परिसर सहित विभिन्न थानों में श्रद्धा, हर्षोल्लास

एवं धार्मिक उत्साह के साथ जन्माष्टमी महोत्सव मनाया गया। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का

मनोहारी मंचन किया गया। भक्ति गीतों और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों,

पुलिसकर्मियों तथा उनके परिवारों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। श्रीकृष्ण की लीलाओं के मंचन और भक्ति प्रस्तुतियों से पूरा पुलिस लाइन परिसर आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं पुलिस परिवार के सदस्यों ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर समाज में शांति, सौहार्द, सुख एवं समृद्धि की मंगलकामना की। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी रानीगंज व लाइन प्रशान्त राज, प्रतिसार निरीक्षक राजीव कुमार राय सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। समूचा कार्यक्रम श्रद्धा, अनुशासन एवं पारिवारिक माहौल में सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। मनगढ़ में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं की मनमोहक झांकियां का आनंद लिया।

 *आसपुर देवसरा थाने में भी गूंजे भजन-कीर्तन*

इसी क्रम में थाना आसपुर देवसरा में थाना अध्यक्ष राकेश चौरसिया के नेतृत्व में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। थाना परिसर स्थित मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। मंदिर परिसर से लेकर आसपास का पूरा क्षेत्र भगवान श्रीकृष्ण के भजन-कीर्तन से भक्तिमय बना रहा। जन्माष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों एवं पत्रकार बंधुओं ने कार्यक्रम में पहुंचकर सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक उल्लास और भक्ति का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!