*रक्षाबंधन की खरीदारी से गुलजार हुआ रतासी चौराहा*
*रंग- बिरंगी राखियो, मिठाइयों से सजी दुकानें, बहनों में दिखा खासा उत्साह*
*******”***********
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। रक्षाबंधन पर्व को लेकर सिगरामऊ क्षेत्र के रतासी चौराहे पर बाजार पूरी तरह सजकर तैयार हो गया है। चौराहे पर जगह-जगह राखी और मिठाई की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बहनें अपने भाइयों की कलाई पर सजाने के लिए सुंदर और आकर्षक राखियों की जमकर खरीदारी कर रही हैं। वहीं मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है।
दुकानदारों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानों को तरह-तरह की राखियों और रंग-बिरंगी मिठाइयों से सजा रखा है। रेशम के धागों से बनी आकर्षक राखियां, डिजाइनर राखियां और बच्चों के लिए कार्टून व विभिन्न आकृतियों वाली राखियां लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। बहनें भाई की पसंद और अपनी पसंद के अनुसार राखियों का चयन कर रही हैं।

चौराहे के समीप बंगाली का प्रसिद्ध छेना और कृष्ना प्रधान का पटर का मीठा भी ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। मिठाई विक्रेता कृष्ण प्रधान ने बताया कि चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी का असर मिठाइयों की लागत और कीमत पर पड़ा है, इसके बावजूद रक्षाबंधन को लेकर लोग उत्साहपूर्वक मिठाइयों की खरीदारी कर रहे हैं।
मिष्ठान विक्रेता सज्जन लाल और कृष्ण प्रधान ने बताया कि मिलावटी खोवा, छेना और पनीर से निर्मित मिठाइयों की बिक्री को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मिलावटी खाद्य सामग्री पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। दुकानदारों का कहना है कि वे मिठाई तैयार करने में गुणवत्ता और शुद्धता का विशेष ध्यान रख रहे हैं।
रक्षाबंधन के नजदीक आते ही बाजार में पर्व की रौनक और बढ़ गई है। राखी के साथ मिठाई, रोली, और उपहारों की खरीदारी भी तेज हो गई है। बहनों में भाई की कलाई पर प्रेम और स्नेह का धागा बांधने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। बाजार की चहल-पहल से दुकानदार भी इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद लगाए हुए हैं।
