*पागल कुत्ते के हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल, 16 जगह काटा*
*ग्रामीणों में दहशत, आवारा कुत्ते को पकड़वाकर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग*
*******************
*संवाद :अजय पांडे*
बदलापुर। तहसील बदलापुर अंतर्गत ग्राम सभा भगतपुर निवासी अधिवक्ता विवेक कुमार पाण्डेय पर एक आवारा पागल कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने करीब पांच मिनट तक उन्हें नोचते-काटते हुए शरीर पर 16 से 17 जगह गंभीर जख्म कर दिए। राहगीरों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह कुत्ते को दूर भगाया गया, जिससे अधिवक्ता की जान बच सकी।
जानकारी के अनुसार विवेक कुमार पाण्डेय किसी कार्य से लेदुका बाजार से बदलापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने लगातार कई मिनट तक उन्हें काटा। अधिवक्ता ने बचाव का काफी प्रयास किया, लेकिन कुत्ते ने शरीर के कई हिस्सों में काटकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इसी बीच वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घटना देखी और सामूहिक प्रयास कर कुत्ते को दूर भगाया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अधिवक्ता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर ले गए, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल भेज दिया। उपचार के बाद विवेक कुमार पाण्डेय अपने घर पहुंचे।
अधिवक्ता के घर पहुंचने की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के ग्रामीण, व्यापारी, शिक्षक और तहसील बदलापुर के अधिवक्ता उनका हालचाल जानने पहुंचे। इस दौरान लोगों ने क्षेत्र में घूम रहे आवारा और आक्रामक कुत्तों को लेकर चिंता जताई। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त कुत्ता पहले भी कई लोगों को अपना निशाना बना चुका है और उसके कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आवारा कुत्ते को शीघ्र पकड़वाकर आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति के साथ इस तरह की घटना न हो। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कुत्ता किसी और व्यक्ति पर हमला कर सकता है।
इस अवसर पर डॉक्टर जितेन्द्र पाण्डेय, राधेश्याम यादव, अभयराज सोनकर, राम जानकी इंटर कॉलेज के अध्यापक, तहसील बदलापुर के अधिवक्ता सहित क्षेत्र के काफी संख्या में ग्रामीण एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
