*लोकहितार्थ पूरा रजवाड़ ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान द्वारा रुद्राभिषेक*
*उप ज्योतिर्लिंग गौरी शंकर धाम चंदापुर में श्रद्धालुओं ने किया भगवान शिव का जलाभिषेक, शाम को होगा विशाल भंडारा*
*******************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
तियरा क्षेत्र। पूरा रजवाड़ ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान अशोक सिंह के नेतृत्व में लोककल्याण एवं जनहित की कामना को लेकर उप ज्योतिर्लिंग गौरी शंकर धाम चंदापुर में विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान के सगे-संबंधियों, बंधु-बांधवों के साथ ही ग्राम पंचायत के विभिन्न वर्गों के ग्रामीण बड़ी संख्या में श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हुए।

रविवार की सुबह से ही मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का दूध, गन्ने के रस, मधु, दही, घी, बिल्वपत्र, भांग, धतूरा एवं मंदार सहित भगवान शिव को प्रिय माने जाने वाले विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के बीच भगवान भोलेनाथ का श्रृंगार भी किया गया।
रुद्राभिषेक कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सभी वर्गों की सहभागिता देखने को मिली। ग्रामीणों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयकारे लगाते नजर आए।
ग्राम प्रधान अशोक सिंह ने बताया कि लोकहितार्थ आयोजित जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक का कार्यक्रम लगभग शाम 4 बजे तक संपन्न होगा। इसके बाद शाम के समय श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्राम प्रधान अशोक सिंह, संजय सिंह, राजकुमार सिंह (अध्यापक), प्रधानाचार्य दिलीप सिंह, अमित सिंह, दिव्य प्रकाश सिंह, अमन, गौरव सिंह, विकास सिंह, बाबुल सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण एवं परिवारजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया तथा पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।
