*प्रतापगढ़: थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश*
*कोतवाली नगर का निरीक्षण कर अभिलेखों व व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़, 22 अगस्त। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने थाना कोतवाली नगर पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित 08 तथा पुलिस विभाग से संबंधित 02 शिकायतें प्राप्त हुईं। डीएम-एसपी ने
फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने सभी शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की वास्तविक स्थिति का मौके पर जाकर सत्यापन किया जाए। राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय स्थापित कर नियमानुसार प्रभावी
कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक फरियादी को उसकी शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी जाए। भूमि विवाद, आपसी विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतते हुए समयबद्ध
कार्रवाई की जाए, जिससे आमजन को त्वरित न्याय एवं प्रभावी समाधान मिल सके। थाना समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा के साथ थाना कोतवाली नगर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेखों तथा पुलिसिंग से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रख-रखाव, थाना परिसर की साफ-सफाई,
जनशिकायतों के निस्तारण एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए थाना की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम-एसपी ने कर्मचारियों को आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण करने तथा थाना परिसर की सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
