*प्रतापगढ़ थाना आसपुर देवसरा : सोशल मीडिया पर पीएम-सीएम के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के मामले में एक अभियुक्त गिरफ्तार*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। थाना आसपुर देवसरा पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के विरुद्ध कथित रूप से अभद्र एवं अशोभनीय टिप्पणी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम भीखमपुर निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें रविशंकर निषाद एवं अमित यादव, निवासी ग्राम धरौली, द्वारा प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के विरुद्ध अभद्र एवं अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद आमजन में आक्रोश की स्थिति उत्पन्न होने तथा रविशंकर निषाद द्वारा शिकायतकर्ता को धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया गया। मामले में थाना आसपुर देवसरा में मु0अ0सं0 219/2026, धारा 352, 351(3), 353(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 अगस्त 2026 को रविशंकर निषाद पुत्र स्व. जगन्नाथ निषाद, उम्र करीब 46 वर्ष, निवासी ग्राम धरौली, थाना आसपुर देवसरा, जनपद प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसके उत्तेजित होने और मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरीन्द नारायण राय मय हमराह कांस्टेबल अरविन्द यादव शामिल रहे। *पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति, संवैधानिक पदाधिकारी अथवा किसी समुदाय के खिलाफ अभद्र, अशोभनीय, आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री पोस्ट, शेयर अथवा फॉरवर्ड न करें। किसी वायरल वीडियो या पोस्ट की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे प्रसारित करने से भी बचें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।*
