सांप को बचाने के चक्कर में फिसली बाइक, असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर की मौत

*सांप को बचाने के चक्कर में फिसली बाइक, असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर की मौत*

अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)

 

जनपद जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बरसठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर दीपक कुमार सरोज की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा सड़क पार कर रहे एक सांप को बचाने के प्रयास में हुआ, जब उनकी बाइक अचानक असंतुलित होकर सड़क निर्माण के दौरान बिखरी गिट्टियों और पत्थरों पर फिसल गई।

जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार सरोज किसी कार्य से बाइक द्वारा जा रहे थे। रामपुर थाना क्षेत्र के गहरोल गांव के समीप सड़क पार कर रहे एक सांप को बचाने के प्रयास में उन्होंने अचानक बाइक का संतुलन बदल दिया। इसी दौरान सड़क निर्माण सामग्री के रूप में बिखरी गिट्टियों और पत्थरों पर बाइक फिसल गई। दुर्घटना में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घटना के काफी देर बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी और सड़क पर बिखरी गिट्टियों को दुर्घटना का प्रमुख कारण बताते हुए प्रशासन से जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने सीएचसी बरसठी परिसर में कई घंटों तक हंगामा किया और मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। बताया गया कि घटना दो थाना क्षेत्रों की सीमा से जुड़ी होने के कारण प्रारंभिक स्तर पर पुलिस कार्रवाई में विलंब हुआ।

बाद में रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने, सड़क पर बिखरी गिट्टियों को तत्काल हटाने तथा भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!