*घाघरपारा–अंदीपुर–सिगरामऊ संपर्क मार्ग बदहाल*
*बड़े गड्ढों से राहगीर और स्कूली बच्चों पर मंडरा रहा खतरा*
*******************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ/घाघरपारा–अंदीपुर होते हुए सिगरामऊ जाने वाला संपर्क मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार प्राथमिक विद्यालय अंदीपुर के ठीक बगल से यह मार्ग गुजरता है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों और शिक्षकों में चिंता व्याप्त है।
यह संपर्क मार्ग देऊरा, अंदीपुर, घाघरपारा, बहरीपुर, नकहरा, महमूदपुर, महदा सहित दर्जनों गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। सड़क की जर्जर हालत के कारण ग्रामीणों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान महमूदपुर संजय सिंह, महदा के प्रधान रवि मौर्य, घाघरपारा के पूर्व प्रधान जय नारायण उपाध्याय, धर्मराज तिवारी, लालचंद्र तिवारी तथा प्राथमिक विद्यालय अंदीपुर के प्रधानाध्यापक महेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों एवं क्षेत्रीय विधायक से लगभग एक किलोमीटर लंबे अधूरे एवं क्षतिग्रस्त मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
